अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कांवड़ मेला क्षेत्र में गंदगी तथा अव्यवस्था पर मेयर मनोज गर्ग ने अधिकारियों को तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लालजीवाला व बैरागी कैंप से अतिक्रमण नहीं हटाने से भी मेयर खासे नाराज हैं। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले प्रशासन यह भी जिम्मेदारी तय करे कि फिर अतिक्रमण न हो। बार-बार अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मेयर ने नगर आयुक्त व मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी से नाराजगी जताई है। उन्होंने मेला क्षेत्र में खुले में शौच करने से उठ रही दुर्गंध को रोकने के लिए कीटनाशकों का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। सफाई में लापरवाही एवं गैरहाजिर सफाई कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा है। मेयर ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी के साथ सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक कर मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ अधिक होने पर सफाई कराने और कूड़ा उठाने के लिए कूड़ा गाड़ी ले जाने में दिक्कत आ रही है। मेयर ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में कूड़ा कचरा टीन का बाड़ा बनाकर उसके अंदर जमा किया जाए और फिर रात में जब भीड़ का दबाव कम हो जाए तो उसको उठवाया जाए। उन्होंने कहा कि बहाने से काम नहीं चलेगा, कोई रास्ता निकालना होगा।