उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में सोमवार देर शाम झमाझम बारिश होने से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे मलबा आने से बाधित हो गए। हालांकि सात बजे से पहले दोनों सड़कों पर यातायात बहाल कर लिया गया। इस बीच दोनों मार्गों में कई यात्री वाहन फंसे रहे। गंगोत्री हाईवे नलूणा के पास मलबा आने से बाधित हो गया था, जबकि यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास डमरकोट में मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हुआ था।
सोमवार को शाम उत्तरकाशी में पहले आंधी चली और उसके बाद झमाझम बारिश हुई। करीब साढे चार बजे नलूणा के पास ऊपर पहाड़ी से मलबा आने से गंगोत्री हाईवे बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बीआरओ के कर्मचारी मौके पर जेसीबी मशीन व अन्य उपकरणों को लेकर पहुंचे। इसके बाद वहां गिरे पेड़ और पहाड़ी से आए मलबे को हटाया गया। करीब डेढ़ घंटे के बाद मलबा हटा तो हाईवे पर यातायात फिर से बहाल हो पाया। इस बीच हाईवे के दोनों तरफ दर्जनों यात्रा वाहन और लोकल गाड़ियां फंसी रही। जाम में फंसे होने के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें ज्यादातर यात्री गंगोत्री से उत्तरकाशी की तरफ लौट रहे थे। वहीं दूसरी तरफ स्न्यानाचट्टी के पास डमरकोट में मलबा आने से यमुनोत्री हाईवे पांच बजे बाधित हो गया। करीब दो घंटे बाद यहां भी यातायात बहाल कर लिया गया।
पहाड़ के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश
गढ़वाल। पहाड़ के कई हिस्सों में एक सप्ताह बाद सोमवार को हुई तेज बारिश से राहत दी है। रुद्रप्रयाग जिले में झमाझम बरसात से तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले चार दिनों से जिले में पारा 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था।
रुद्रप्रयाग। जिले में सोमवार शाम चार बजे से रात तक हुई मध्यम व तेज बारिश ने राहत दी है। केदारनाथ में भी दोपहर बाद से हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। देर शाम यहां घना कोहरा छाया हुआ था। धाम में भी पिछले चार दिनों से गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। बीते दो दिन तो यहां पारा 22 से 25 डिग्री के बीच पहुंच गया था, लेकिन सोमवार शाम 6 बजे तापमान 10 डिग्री पर था।
उत्तरकाशी। यहां सोमवार शाम हुई झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिली। उत्तरकाशी के अलावा भटवाड़ी, गंगोरी, बड़कोट में भी बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली।
गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। चमोली जिले में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। तीन दिनों से जिले में उमस भरी गरमी हो रही थी, बारिश होने से लोगों को राहत मिली। बदरीनाथ धाम में भी मौसम सामान्य बना रहा। हेमकुंड साहिब में भी कुछ देर तक बारिश हुई। जोशीमठ में बूंदाबांदी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में एक घंटे तक तेज बारिश हुई।