ब्यूूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश के 5,37,692 परिवारों को चिह्नित किया गया है। इसमें हरिद्वार जनपद के 1,31,828 परिवार शामिल हैं। योजना में हरिद्वार के सभी सरकारी अस्पतालों को शामिल करने साथ ही पांच निजी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है।
रविवार को शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने ऋषिकुल सभागार में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि इस प्रकार की योजना की कल्पना कम जनसंख्या वाले देश में ही की जा सकती है, लेकिन ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्कृष्ट और दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि हर साल सैकड़ों लोग उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने आते हैं, लेकिन विधायक एक साल में 50 लाख रुपये से ज्यादा की मदद नहीं कर सकते हैं, जिस कारण कई लोगों को निराशा होती है। उन्होंने कहा कि योजना के शुरू होने से सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष प्रति परिवार को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलेगा। वहीं आगामी दिनों में समस्त निजी अस्पतालों को भी सूचीबद्ध कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो अन्य लोग योजना से वंचित हैं उन्हें भी पांच लाख रुपये तक का बीमा मिलेगा, लेकिन सरकारी कर्मचारियों को कुछ शुल्क वसूला जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी विनीत तोमर ने कहा कि आयुष्मान भारत सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी योजना है। इस अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य डा. सुनील जोशी, सीएमएस डा. आरती ढौंढियाल, डा. रमेश शर्मा, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान, नरेश शर्मा, कामिनी सड़ाना, विदित शर्मा आदि उपस्थित रहे।