150 छात्रों को मिलेगी मुफ्त गेट कोचिंग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रदेश में इंजीनियरिंग के 150 छात्रों को गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग) की मुफ्त कोचिंग मिलेगी। यह कोचिंग केंद्र सरकार के टेक्निकल एजुकेशन क्वालिटी इंप्रूवमेंट प्रोग्राम (टीईक्यूआईपी) के तहत दी जाएगी। उत्तराखंड तकनीकी विवि को इस संबंध में निर्देश मिले हैं, जिन पर कवायद शुरू कर दी गई है। यूटीयू से संबद्ध सभी कॉलेजों के छात्र इस योजना का लाभ ले सकेंगे।
उत्तराखंड तकनीकी विवि के प्रभारी कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत ने बताया कि टीईक्यूआईपी के तहत सभी तकनीकी विवि के संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्रों को गेट कोचिंग का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए इंजीनियरिंग की प्रत्येक ट्रेड से तीन-तीन छात्रों का चयन किया जाएगा। कोचिंग के लिए छात्र को दो हजार रुपये पंजीकरण शुरू देना होगा। जिन छात्रों का चयन गेट में हो जाएगा, उनका शुल्क लौटा दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेशभर के इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्रों को कम्यूनिकेशन स्किल, पर्सनेलिटी डेवलपमेंट, इंटरव्यू स्किल और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के लिए भी यूटीयू की ओर से टीईक्यूआईपी के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद आसानी से रोजगार प्राप्त कर सकें। छात्रों को पर्यावरण के प्रति सजग करने के लिए भी एनवायरमेंटल साइंस में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
एमटेक छात्रों को तराशेंगे विशेषज्ञ
यूटीयू और इसके संबद्ध कॉलेजों में एमटेक कर रहे छात्रों के लिए भी टीईक्यूआईपी में विशेष निर्देश मिले हैं। कुलपति डॉ. यूएस रावत ने बताया कि इसके तहत एमटेक तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर में छात्रों का संयुक्त प्रशिक्षण होगा। इसके लिए बाहर से विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे।