युवाओं को नौकरी देने वाला बनाएं
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
विश्व संवाद केंद्र की ओर से रेसकोर्स स्थित ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल में रविवार को आयोजित संगोष्ठी में विशेषज्ञ वक्ताओं ने युवाओं को नौकरी मांगने की बजाय नौकरी देने वाला बनाने पर जोर दिया। संगोष्ठी में उत्तराखंड औद्योगिक विकास एवं कृषि विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई। दो सत्रों में आयोजित संगोष्ठी में राज्य में महत्वपूर्ण उद्योगों का जाल बिछाकर आम लोगों को जोड़ने की बात कही गई।
दून विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल की अध्यक्षता में संगोष्ठी के प्रथम सत्र का शुभारंभ स्पेक्स के सचिव डॉ. बृजमोहन शर्मा ने किया। डॉ. बृजमोहन शर्मा ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लघु उद्योगों की स्थापना के साथ महत्वपूर्ण उद्योगों से आम लोगों को जोड़ना आवश्यक है। उत्तराखंड इंडस्ट्रीज ऐसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने की बजाय नौकरी देने वाला बनाने की जरूरत है। इसके अलावा उद्योगों और शिक्षण संस्थाओं के आपस सामंजस्य की बात कह। आयोजन समिति से जुड़े अशोक विंदलास ने कहा कि दवाओं के क्षेत्र में प्रदेश की जड़ी-बूटियों के द्रव्यों का उपयोग करने और इन पर विशेष कार्य करने की जरूरत है। उद्योगपति राकेश ओबराय ने कहा कि प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में तीन जिलों ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के मुकाबले अन्य जिलों का योगदान काफी कम है। पूर्व मुख्य वन संरक्षक डॉ. आरबीएस रावत की अध्यक्षता में दूसरे सत्र का शुभारंभ पूर्व औषधीय पादप बोर्ड उपाध्यक्ष डॉ. आदित्य कुमार ने किया। डॉ. आदित्य कुमार ने जड़ी-बूटी क्षेत्र में नेशनल मेडिकल प्लांटेशन बोर्ड के बीते 17 वर्षों के मुख्य कार्यों की जानकारी दी। सगंध पादप केंद्र के निदेशक नृपेंद्र चौहान ने 109 अरोमा क्लस्टर तथा मिंट से 18000 किसानों के जुड़ने की जानकार दी। डॉ. वीबी चौरसिया ने कृषि विपणन के आर्थिक पहलू की जानकारी दी। किसान दीपक उपाध्याय ने जैविक कृषि की जानकारी दी। दून विवि के प्रोफेसर एचसी पुरोहित ने कहा कि ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार को छोड़कर अन्य जिलों में खेती व्यावसायिक नहीं है। संगोष्ठी में राजकुमार टांक, संजय कुमार, हिमांशु अग्रवाल, रणजीत सिंह ज्याला, सतेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, डॉ. बुद्धनाथ मिश्र, डॉ. विनोद मित्तल, डॉ. डीपी जोशी, प्रभाकर उनियाल, विजय, डॉ. रश्मि रावत, रीता गोयल, डॉ. सावित्री काला, अनुराधा सिंह, शारदा त्रिपाठी, डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ, विनय वर्मा आदि मौजूद रहे।