ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पुनर्वास निदेशक टिहरी बांध परियोजना द्वारा शहरी विस्थापित क्षेत्र टिहरीनगर अजबपुरकलां में गलत तरीके से भूखंड आवंटन के खिलाफ विस्थापितों ने बुधवार को देहरादून ईसी रोड स्थित कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया। टिहरी विस्थापित गलत तरीके से हुए आवंटन निरस्त करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान मंडलीय अभियंता पुनर्वास को भी ज्ञापन भी सौंपा।
टिहरी विस्थापितों का कहना है कि बिना एमडीडीए से संशोधन कराए इस क्षेेत्र में किसी भी प्रकार के आवंटन का अधिकार किसी भी सरकारी एजेंसी को नहीं है। ऐसे में किस आधार पर आवंटन कर किया गया। इसके अलावा कई साल पूर्व इस जमीन को मां शक्ति मंदिर निर्माण के लिए सुरक्षित रखा गया था। इसके संबंध में तत्कालीन मंडलीय अभियंता पुनर्वास की सैद्धांतिक सहमति के प्रमाण-पत्र भी हैं। टिहरी विस्थापितों ने जल्द ही आवंटन निरस्त नहीं होने पर आमरण-अनशन की चेतावनी दी है।