ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने बुधवार को छावनी परिषद क्लेमेंटटाउन कैंट बोर्ड में बड़ा भारूवाला स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पार्क एवं ओपन एयर जिम का शुभारंभ किया। इसके अलावा कैंट अस्पताल में जन औषधि केंद्र भी खोला गया। इस अवसर पर कैंट बोर्ड ने नौ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यायाम बहुत जरूरी है। पार्क में ओपन जिम होने से स्थानीय लोगों को काफी लाभ होगा। विधायक चमोली ने मुख्यमंत्री से झील के सौंदर्यीकरण एवं सफाई व्यवस्था की बात मुख्यमंत्री के सामने रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर सुभाष पंवार ने नौ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। इसके अलावा बीजेपी मंडल महामंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि महेश पांडे ने मुख्यमंत्री से वर्ष 1952 से चल रहे छावनी उच्च प्राथमिक विद्यालय को 9वीं व 10वीं कक्षा की वित्तविहीन मान्यता दिलाने की मांग की। मुख्यमंत्री जी ने जल्द मान्यता देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष सुनील कुमार, मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद समीर इस्लाम, सभासद राम किशन यादव, तेग बहादुर, बीना नौटियाल, भूपेंद्र कंडारी, विजय पाल सिंह, मंसूर अली, जिला पंचायत सदस्य राजेश परमार, दिलशाद अली मौजूद रहे।
---
ये हैं नौ सूत्री मांगें
- झील के आसपास सौंदर्यीकरण किया जाए।
- कैंट क्षेत्र के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण हो।
- कैंट बोर्ड अस्पताल के लिए 24 घंटे के लिए एबुंलेंस की व्यवस्था की जाए।
- क्षेत्र के नाला और नदियों के पास मौजूद अतिक्रमण हटाया जाए।
- टर्नर रोड चौड़ी की जाए।
- राजस्व विभाग द्वारा फ्लाईओवर के नीचे से टर्नर रोड पर मौजूद अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई हो।
- एसडीएम सदर या एडीएम वित्त को कैंट बोर्ड का सदस्य बनाया जाए।
- आईएमए कैडेटों के लिए टीआरजी की सुविधा को 10 साल के लिए एएसएएन एफडी फायरिंग रेंज की स्वीकृति दी जाए।
- राजस्व विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने में मदद दी जाए।