ब्यूरो /अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड फिट जीरो फुटबाल प्रतियोगिता-2018 के फाइनल में जीत हासिल कर सिटी यंग की टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। दून वैली एफसी के अमन थापा को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को पवेलियन मैदान में सिटी यंग और दून वैली फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और कई शानदार मूव दिखाते हुए गोल के कई मौके बनाए। हालांकि कोई भी टीम निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं कर सकी। टाइब्रेकर में सिटी यंग के हरीश कार्की, अभिषेक रावत और आशुतोष राणा ने तीन गोल दागकर टीम की जीत तय कर दी। विरोधी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। प्रतियोगिता के बाद मुख्य अतिथि रघुबीर सिंह बिष्ट, आचार्य बिपिन जोशी, जीएल सडाना ने विजेता व उपविजेता टीम और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 30 हजार और उप विजेता टीम को 10 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह रावत, जगमोहन सिंह रावत, गोपाल थापा, नरेंद्र नंदा, मित्रानंद नौटियाल, महेश शुक्ला, अमन जखमोला, अमित कांत, प्रवीन रावत, सुरेंद्र पयाल, प्रकाश मल्ल, रौनक राय समेत अन्य मौजूद रहे।