27 मार्च से कार्य बहिष्कार का एलान
मांगों को लेकर प्रमुख वन संरक्षक से मिला वन आरक्षी संघ का प्रतिनिधिमंडल
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। वन आरक्षी संघ ने वन दारोगा की सीधी भर्ती के लिए सेवा नियमावली में संशोधन का विरोध किया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख वन संरक्षक से मिलकर वन दारोगा के 33 प्रतिशत सीधी भर्ती के पदों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद पांडे ने कहा कि इस पर रोक न लगी तो इसके विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वन दारोगा के सीधी भर्ती के पदों से वनरक्षकों के प्रमोशन बाधित होंगे। उन्होंने कहा कि वन आरक्षी से वन दारोगा के पद पर प्रमोशन के लिए रखी गई दस वर्ष की बाध्यता को भी समाप्त किया जाए। यदि 22 मार्च तक संगठन की मांगों पर अमल न हुआ तो संगठन 23 से 26 मार्च तक वन मुख्यालयों सहित प्रदेश भर के कार्यालयों में प्रदर्शन कर धरना देगा। जबकि 27 मार्च से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। प्रांतीय महामंत्री अनिल पंवार ने कहा कि वन रक्षक से वन दारोगा के पद पर प्रमोशन की पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए।