तकनीकी मामलों पर नजर रखेगी समिति
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य में प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन से जुड़े जटिल तकनीकी मामलों पर अब विशेषज्ञों की छह सदस्यीय समिति नजर रखेगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शनिवार को आयोजित बैठक में कमेटी के गठन को मंजूरी दे दी गई है। बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के मुताबिक विशेषज्ञों की समिति मेें आईआईटी, सीबीआरआई जैसे संस्थानाें के अलावा पर्यावरण विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव एसपी सुबुद्धि ने बताया कि बोर्ड के पास तकनीकी विशेषज्ञों की कमेटी नहीं होने की वजह से आईआईटी रुड़की, सीबीआरआई रुड़की समेत देश के अन्य तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों की सेवाएं लेनी होती थी जो काफी जटिल थी। कभी-कभी इन संस्थानों के विशेषज्ञों की उपलब्धता नहीं होने की वजह से प्रकरणों की जांच में लंबा समय लगता था जिससे बोर्ड को नुकसान होता था। ऐसे में बोर्ड स्तर पर कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है। तकनीकी जांच कमेटी में आईआईटी, सीबीआरआई के अलावा पर्यावरण से जुड़े तीन विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा, जबकि तीन विशेषज्ञ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के होंगे। जांच कमेटी में सदस्यों के चयन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में विशेषज्ञों की तकनीकी समिति गठित करने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी लेकिन बोर्ड सदस्यों के बीच सहमति नहीं बन पाने की वजह से इसका गठन नहीं हो पा रहा था।