ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
परिवहन एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके खिलाफ वर्तमान में सभी विपक्षी दल एकजुट हो गए हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें।
परिवहन मंत्री शनिवार को भाजपा महानगर कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ता के रूप में आए हैं, भाजपा बूथ के जरिये चुनाव जीतने में विश्वास रखती है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और युवाओं का भाजपा पर पूरा भरोसा है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री और देहरादून जिला संगठन प्रभारी गजराज सिंह बिष्ट ने मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसके अलावा योग दिवस, बूथ संपर्क अभियान आदि की रूपरेखा पेश की। इस पर कैंट विधायक हरबंस कपूर, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री आदित्य चौहान और राजेंद्र ढिल्लो ने संयुक्तरूप से किया। इस अवसर पर विनोद उनियाल, पुनीत मित्तल, डॉ. आदित्य कुमार, रविंद्र कटारिया, अमिता सिंह, अजय सिंघल, पवन चौधरी, अनुराग भाटिया, राजीव उनियाल आदि मौजूद रहे। बैठक के बाद भाजपाइयों ने मच्छी बाजार स्थित कालिका मंदिर के परमाध्यक्ष बालयोगी सर्वदासजी महाराज के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
अभियान के लिए वार्ड संयोजक नियुक्त
अभियान के लिए भाजपा संगठन प्रभारी गजराज सिंह बिष्ट ने 24 जून तक के लिए विधानसभा वार्ड संयोजकों की नियुक्ति की है। इसके अलावा रतन सिंह चौहान धर्मपुर, विनोद शर्मा कैंट, त्रिलोक सिंह बिष्ट रायपुर, हरीश डोरा राजपुर, आरएस परिहार को मसूरी विधानसभा का वार्ड संयोजक बनाया गया। वहीं, कविंद्र सेमवाल सहसपुर महानगर क्षेत्र, सीताराम भट्ट को डोईवाला विधानसभा के महानगर क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया है।
मिठाई बांटकर दी ईद की बधाई
कार्यक्रम के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रईस खान, मंसूर खान आदि ने मिठाई बांटकर ईद की बधाई दी। इस दौरान आसिफ शेख, राशिद कुरैशी, फरीद अहमद, इस्तखार खान आदि उपस्थित रहे।