ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बरसात के दौरान तार टूटने या फिर खंभे में करंट उतरने की वजह से हर साल जनहानि के अलावा कई प्रकार की दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे में यूपीसीएल ने इस बार एडवाइजरी जारी कर अभियंताओं और कर्मचारियाें को स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उपभोक्ताआें से भी अपील की गई है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा मानसून के दौरान खासकर स्कूल आते-जाते बच्चों के साथ अक्सर घटनाएं हो जाती हैं। तार टूटने व खंभों में करंट उतरने से झुलसने और जनहानि की दुर्घटनाएं भी होती हैं। इसके लिए विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अधिशासी अभियंताओं की अगुवाई में कर्मचारी स्कूलाें-कॉलेजाें में दुर्घटना की स्थिति से निपटने और बचाव की जानकारी देंगे। इसके अलावा किसी भी इलाके में तार टूटने की सूचना तत्काल यूपीसीएल के टोल फ्री नंबर 1912 पर दी जा सकती है। एडवाइजरी में बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर व बिजली के खंभों से दूर रहने, नंगे तारों से बचने, इलाके में ट्रांसफार्मर फुंकने व आग लगने की घटना की जानकारी विद्युत सब स्टेशन पर देने के साथ ही टोल फ्री नंबर 1912 पर देने की अपील की गई है।