ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
वन विभाग में पशु चिकित्सकों के 25 पद सृजित कर नियुक्ति की जाएगी। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के मुताबिक पदों के सृजन की प्रक्रिया चल रही है। फाइल मंजूरी के लिए वित्त में भेजी गई है।
पूरे वन प्रभाग में मात्र तीन पशु चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर रखा गया है। ऐसे में गुलदार, बाघ, हिरन, बंदर आदि वन्य जीवों के घायल होने पर पशुपालन से प्रतिनियुक्ति पर रखे गए पशुपालकों द्वारा उपचार किया जाता है। इसके अलावा कोई दुर्घटना होने पर इलाज के लिए पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सकों को बुलाना पड़ता है। पशुपालन विभाग कई बार पशु चिकित्सकों की कमी का हवाला देते हुए वन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर चिकित्सक भेजने में असमर्थता जता चुका है। इसके बाद अब वन विभाग की ओर से विभाग में ही पशु चिकित्सकों के पद सृजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के मुताबिक 25 पदों की मंजूरी के लिए वित्त विभाग को फाइल भेजी गई है।