नरेंद्रनगर (टिहरी)। श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय से दो चिकित्सकों का ट्रांसफर करने पर स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। लोगों ने इसके विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि प्रतिस्थानी आने तक डाक्टरों को रिलीव किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
संयुक्त चिकित्सालय में कार्यरत डीजीएमओ डा. अनिल नेगी को पीएचसी पिलखी और निश्चेतक डा. अजय कुमार गैरोला को बेस चिकित्सालय श्रीनगर ट्रांसफर किया गया है। स्थानीय लोगों को इसका पता चलने पर उन्होंने बुधवार को सीएमएस दफ्तर के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएमएस से कहा कि जब तक दोनों चिकित्सकों के प्रतिस्थानी नहीं आ जाते हैं, तब तक उन्हें रिलीव न किया जाए। इस बाबत सीएमएस डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि अस्पताल को एक जनरल सर्जन चिकित्सक डा. पीके सिन्हा ने ज्वाइन किया है। जो संभवत: पांच जुलाई से अपनी सेवाएं देना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने 30 जून तक सभी चिकित्सकों को तबादला स्थान पर ज्वाइन करने को कहा है। संयुक्त चिकित्सालय में भी जल्द ही और चिकित्सक आ जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में पालिकाध्यक्ष दुर्गा राणा, राजेंद्र सिंह राणा, धूम सिंह नेगी, रेखा राणा, बीपी रयाल, राजेंद्र गुसाईं, जयपाल नेगी, रविंद्र सकलानी, भरत सिंह राणा, दर्मियान सिंह भंडारी, जितेंद्र नाथ रेग्मी और राहुल सकलानी आदि शामिल थे।