दो बार परीक्षा देने वालों को जेईई एडवांस में ‘नो एंट्री’
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। जेईई मेन के बाद आईआईटी दाखिलों के लिए होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा में वह अभ्यर्थी शामिल नहीं हो पाएंगे जो इस परीक्षा में दो बार शामिल हो चुके हैं। आईआईटी रुड़की ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
जेईई एडवांस में ऐसा कोई भी छात्र हिस्सा नहीं ले सकेगा, जिसका जन्म 01 अक्तूबर 1994 के पहले हुआ हो। ऐसा कोई भी छात्र इस परीक्षा में हिस्सा नहीं ले सकेगा, जिसने दो साल यह परीक्षा दी होगी। यानी केवल दो मौके ही मिलेंगे। अगर किसी छात्र ने 12वीं की परीक्षा 2016 में दी है और रिजल्ट जून 2017 तक भी नहीं आया है तो वह भी इस परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा।
ऐसे छात्र, जिन्होंने 2018 की काउंसिलिंग के लिए शुल्क जमा कराया लेकिन रिपोर्टिंग नहीं की या सीट आवंटन के आखिरी चरण से पहले ही विदड्रॉ कर लिया हो। आखिरी चरण से पहले अपनी सीट रद्द करा दी हो, वह जेईई एडवांस 2019 में हिस्सा ले सकते हैं। परीक्षा विशेषज्ञ एवं अविरल क्लासेज के निदेशक डीके मिश्रा का कहना है कि आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस की पात्रता के पांच मानदंड बनाए हैं। सभी छात्रों को आवेदन से पहले इन मानदंडों का समझ लेना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि आवेदन के बाद उनकी मेहनत बेकार चली जाए। जेईई मेन का रिजल्ट आने के बाद जेईई एडवांस के लिए तीन मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे।
जेईई एडवांस से इन संस्थानों में भी दाखिला
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बंगलूरू
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, एजुकेशन एंड रिसर्च
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी, तिरुवनंतपुरम
- राजीव गांधी इंस्टीट्यूट पेट्रोलियम एंड टेक्नोलॉजी, रायबरेली
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी, विशाखापत्तनम
दिव्यांगों को लेखक और अतिरिक्त समय
दिव्यांग छात्रों को जेईई एडवांस में विशेष सुविधा दी जाएगी। इसके तहत एक ओर जहां उन्हें लेखक (स्क्राइब) मिलेगा तो दूसरी ओर अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। आईआईटी रुड़की के मुताबिक जेईई एडवांस के पेपर-1 और पेपर-2 में एक-एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा विशेषज्ञ एवं बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी का कहना है कि ऐसे छात्रों को अपने आवेदन के समय ही प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा। इसलिए पहले से अपना प्रमाण पत्र तैयार करा लें।
जेईई मेन का रिजल्ट 30 अप्रैल तक
एनटीए की ओर से जेईई मेन का रिजल्ट 30 अप्रैल तक जारी किया जाएगा। पहले यह चर्चाएं थीं कि इससे पूर्व ही रिजल्ट जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, रिजल्ट 30 अप्रैल तक ही जारी किया जाएगा।