15 दिन तक चलेगा विशेष जांच अभियान
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य के विभिन्न इलाकों में भारी पैमाने पर हो रही बिजली चोरी रोकने को लेकर यूपीसीएल प्रबंधन ने चार मुख्य अभियंताआें की अगुवाई में 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने बताया कि मुख्य अभियंताओं को जोनवार अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य अभियंता रजनीश अग्रवाल को देहरादून, मुख्य अभियंता एमसी गुप्ता को हरिद्वार जोन, मुख्य अभियंता आरएस बर्फाल को रुद्रपुर जोन व मुख्य अभियंता एसके टम्टा को हल्द्वानी जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने बताया कि सभी अभियंताओं की अगुवाई में 15 दिन तक लगातार जोनवार विस्तृत जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि बिजली चोरी पकड़ी जा सके। प्रबंध निदेशक का यह भी कहना है कि जिन इलाकों में बिजली चोरी पकड़ी जाएगी उससे जुड़े एसडीओ, अवर अभियंताओं, लाइनमैन समेत तमाम संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिजली चोरों पर भी मुकदमा दर्र्ज कराया जाएगा।
------------
सचिव की पहाड़ पर भेजने की चेतावनी बेअसर
उल्लेखनीय है कि कई माह पूर्व सचिव ऊर्जा राधिका झा ने समीक्षा बैठक के दौरान बिजली चोरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी थी कि जिन अभियंताओं के क्षेत्र में बिजली चोरी की घटनाएं अधिक होगी उन्हें तत्काल हटाकर पहाड़ पर दुर्गम में तैनाती की जाएगी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने सचिव ऊर्जा की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। विभागीय अभियंताओं, कर्मचारियों की मिलीभगत से चोरी होती रही, लेकिन किसी भी अभियंता व कर्मचारी का कुछ नहीं हुआ।