ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सीनियर पुरुष अंडर-23 लीग में उत्तराखंड ने सिक्किम को नौ विकेट से हराकर पूरे चार अंक हासिल किए। उत्तराखंड की टीम सात में से सात मैच जीत कर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
उत्तराखंड की टीम सभी सात मैचों में जीत हासिल कर 28 अंक लेकर पहले स्थान पर कायम है। उत्तराखंड से पीछे बिहार की टीम है। जिन टीमों के सात मैच में 24 अंक हैं। ग्रुप की उन सभी टीमों को एक-एक मैच और खेलने होगा। बीसीसीआई की सीनियर पुरुष अंडर-23 वन डे लीग एंड नॉक आउट टूर्नामेंट में शनिवार को कटक स्थित रेवेंशॉव यूनिवर्सिटी के ग्राउंड में उत्तराखंड का मुकाबला सिक्किम के साथ खेला गया। सिक्किम के कप्तान विकास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय सिक्किम के लिए बेेहत गलत साबित हुआ। उत्तराखंड के गेंदबाज हरजीत सिंह के चार विकेट और सुनील सिंह बिष्ट व सागर के दो-दो विकेट के सामने सिक्किम ने घुटने टेक दिए। सिक्किम की पूरी टीम केवल 62 रनों पर ढेर हो गई। टीम के लिए राहुल ने 18 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की टीम ने मैच को शेष नौ विकेट रहते जीत लिया। बल्लेबाज विशाल ने 41 और कार्तिक जोशी 15 रन बनाकर नाबाद रहे।