ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
प्रदेश सरकार 25 जनवरी तक किसानों का पिछले सत्र का पूरा भुगतान कराएगी। देहरादून में आयोजित गन्ना मंत्री की अध्यक्षता में किसान नेताओं, विभागीय अधिकारियों और शुगर मिलों के अधिकारियों की बैठक में गन्ना मंत्री ने 25 जनवरी से पहले साफ्ट लोन स्वीकृत होने के बाद पुराना भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया।
बीते सत्र का तीनों शुगर मिलों पर 220 करोड़ रुपया बकाया है। बकाया भुगतान के लिए किसान आंदोलन कर रहे है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों के साथ देहरादून में गन्ना मंत्री प्रकाश पंत ने बैठक की। इस दौरान गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ तीनों शुगर मिलों के अधिकारी भी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने गन्ना मंत्री को भुगतान न होने के कारण किसानों की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही कहा कि पिछला भुगतान न होने के कारण किसान गन्ना कोल्हू में गन्ना डाल रहे हैं, जहां शुगर मिलों की अपेक्षा 100 रुपये कम मूल्य मिल रहा है। लिहाजा जल्द से जल्द गन्ना भुगतान कराया जाए।
इस पर शुगर मिल के अधिकारियों ने भी भुगतान की स्थिति पर गन्ना मंत्री से सामने अपनी बात रखी। गन्ना मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि शुगर मिलों को साफ्ट लोन देने के लिए प्रक्रिया चल रही है। पूरी उम्मीद है कि 20 जनवरी से पहले साफ्ट लोन मिल जाएगा। इसके बाद किसानों को भुगतान मिल जाएगा। इसके साथ ही शुगर मिलों को अपने स्तर से नया भुगतान जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान भाकियू के मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री, रवि, राकेश लोहान, विक्की राठी, ओमप्रकाश, मोहम्मद अरशद, जनक सिंह, ओमपाल सिंह, मेजर राणा, कालूराम, सुभाष चौधरी, किरणपाल आदि मौजूद रहे
25 जनवरी से पहले साफ्ट लोन जारी हो जाएगा। इसके बाद 25 जनवरी तक बीते सत्र का बकाया भुगतान जारी करा दिया जाएगा। इसके साथ ही शुगर मिलों को नए भुगतान के लिए भी आदेशित किया गया है।
- प्रकाश पंत, गन्ना मंत्री, उत्तराखंड सरकार