नई टिहरी। केंद्र से पहुुंची फोर्थ रिव्यू मिशन की टीम ने यहां विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों पर चर्चा की। टीम ने जिलास्तरीय अधिकारियों से कई सुझाव भी मांगे हैं। सीडीओ आशीष भटगाई ने टीम को जिले में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति बताई।
रिव्यू मिशन के टीम प्रभारी एसके चक्रवर्ती ने कहा कि जिन योजनाओं से लोगों की आर्थिकी में सुधार हो रहा है, उन्हें बढ़ाने की जरूरत है। दल के सदस्य डा. मनोज प्रभाकर ने कहा कि मनरेगा में रोजगार बढ़ाकर कृषि कार्यों को प्राथमिकता दें ताकि काश्तकारों की आय बढ़ाई जा सके। डीडीओ ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के लिए समय पर धनराशि नहीं मिलने के कारण कार्य प्रभावित होते हैं। सड़क निर्माण के लिए वन भूमि के मामले निपटाने को सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया गया। सिंचाई विभाग ने बताया कि नहर निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि का प्राविधान नहीं होने से बड़ी नहरें नहीं बन पा रही हैं। टीम को सुझाव दिया गया कि भिलंगना ब्लॉक बड़ा क्षेत्र होने के कारण विकास कार्यों का निरीक्षण करना काफी मुश्किल हो जाता है, जिससे भिलंगना को दो ब्लॉकों में विभाजित करने की जरूरत है। दल के सदस्यों ने कहा कि यह सुझाव केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष रखे जाएंगे। बैठक में उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग एके राजपूत, डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी, डीएचओ डा. डीके तिवारी, परियोजना निदेशक आजीविका हीरा बल्लभ पंत आदि मौजूद थे।