लायंस को हरा यूपीसी जगुआर बना चैंपियन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। यूपीसी जगुआर ने यूपीसी लायंस को हराकर द्वितीय अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
खिताबी मुकाबले में यूपीसी जगुआर ने यूपीसी लायंस को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। जगुआर के लिए पांच विकेट लेने वाले अभिषेक मिश्रा मैन ऑफ द मैच रहे।
उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से पुलिस लाइन स्टेडियम में बुधवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला यूपीसी लायंस और यूपीसी टाइगर्स के बीच खेला गया। यूपीसी लायंस ने पहले खेलते हुए निर्धारित पांच ओवरों में एक विकेट खोकर 45 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी टाइगर्स की टीम निर्धारित ओवर में 31 रन ही बना सकी और मैच 14 रनों से हार गई।
इसके बाद यूपीसी जगुआर और यूपीसी लायंस के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। यूपीसी लायंस ने टॉस जीतकर पहले खेलने का निर्णय लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज महेश पांडे मात्र एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम के एक छोर से विकेट गिरते रहे। लायंस ने 18.3 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 76 रन बनाए। सोबन गुसाई 31 व मनोज की 14 रनों की पारी को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। जगुआर के लिए अभिषेक मिश्रा ने पांच व विकास गुसाई ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी यूपीसी जगुआर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12.1 ओवर में मुकाबले को नौ विकेट से जीत लिया।
शैलेंद्र सेमवाल ने नाबाद 42, हिमांशु जोशी ने 18 और सोहन परमार ने छह रनों की पारी खेली। समापन पर मुख्य अतिथि परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने विजेता व उपविजेता को सम्मानित किया। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री रविंद्र बड़थ्वाल, खेल संयोजक देवेंद्र नेगी, विकास धूलिया, चेतन गुरुंग, हरीश कंडारी आदि मौजूद रहे।