ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
साल 2019 के पहले महीने की 17 तारीख से शादियों का दौर शुरू हो जाएगा। पंचांग के अनुसार साल 2019 में शादी के लगभग 72 शुभ मुहूर्त हैं। जबकि, जून के बाद चार महीने तक शुभ मुहूर्त नहीं होने से शादियों पर ब्रेक लगा रहेगा। वहीं, साल 2019 के मई माह में शादी के सबसे अधिक 14 शुभ मुहूर्त हैं। जबकि, जुलाई माह में मात्र दो ही दिन शादी के लिए शुभ हैं।
शादी के लिए शुभ मुहूर्त का बहुत अधिक महत्व है। शादी से जुडे़ सभी कार्यों को सही समय और शुभ मुहूर्त पर ही किया जाता है। विवाह की तिथि वर-वधु की जन्मराशि के आधार पर निकाली जाती है। शास्त्रों के अनुसार शुभ मुहूर्त में किया गया विवाह कल्याणकारी माना जाता है और इसमें कोई अड़चन नहीं आती। साथ ही शादीशुदा जोडे़ का दांपत्य जीवन भी सुख से बीतता है। विवाह के लिए लड़के और लड़की की कुंडली मिलान करने के बाद जो तारीख तय की जाती है, वह शादी का शुभ मुहूर्त कहलाती है। विवाह के लिए शुभ मुहूर्त के साथ ही शुभ नक्षत्र, शुभ तिथि और शुभ समय का होना भी आवश्यक है। शुभ लग्न और लग्न शुद्धि देखकर ही विवाह का मुहूर्त तय किया जाता है।
आचार्य डॉ. सुशांत राज ने बताया कि साल 2019 में 17 जनवरी से विवाह का शुभ मुहूर्त शुरू हो रहा है। इसके अलावा 18, 23, 25, 26 और 29 जनवरी भी विवाह के लिए शुभ हैं। जबकि 1, 8, 9, 10, 15, 21, 23, 24, 26 और 28 फरवरी विवाह के लिए शुभ हैं। वहीं, मार्च में 2, 7, 9 और 13 तारीख विवाह के लिए बेहतर हैं।