ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती
अटल विचार मंच की ओर से मुनिकीरेती क्षेत्र में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गंगा घाटों से कूड़ा एकत्रित किया।
रविवार को मंच के अध्यक्ष सुरेंद्र कुलियाल वंदे मातरम् के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुंभ मेला पार्किंग गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। मंच के कार्यकर्ताओं ने आस्था पथ और गंगा घाटों पर फैला कूड़ा और पॉलिथीन एकत्र की। स्वच्छता जन जागरूकता के तहत गंगा घाटों पर मौजूद तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों से मां गंगा को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। अभियान के तहत एक कुंतल कूड़े को नगर पालिका सफाई कर्मचारियों को निस्तारण के लिए सौंपा गया। इस अवसर पर आशीष कुकरेती, तोताराम उनियाल, सरस्वती जोशी, मनोज शर्मा, सुरेंद्र रतूड़ी, अभिषेक शर्मा, पूर्ण सिंह बिष्ट, किशोर देवरानी, संजय बडोला, गौरव गौड आदि मौजूद रहे।
उधर, योग विद्या स्कूल की ओर से स्वर्गाश्रम क्षेत्र में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान के साथ ही स्वच्छता जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान योग साधकों ने स्कूल के संस्थापक आचार्य प्रशांत के नेतृत्व में गंगा घाटों और क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर साफ सफाई की। इस दौरान देशी विदेशी योग साधकों ने भी कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मोहन नागर, राहुल भट्ट, प्रताप रावत, आशीष प्रजापति, अनिल, मुकेश, अजय, हेमलता, रेखा, पूजा, पंकज, संजय, सौरभ, कृष्णा, अजय आदि मौजूद रहे।