ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे से मिला। उन्होंने नगर निगम में शामिल नए क्षेत्रों में 20 साल तक गृहकर न लगाने की मांग की।
पूर्व विधायक राजकुमार ने नगर आयुक्त को बताया कि मलिन बस्तियों में गृहकर 1992 से जमा होना शुरू हुआ और बिना कारण बताए तीन साल पहले कर लेना बंद कर दिया गया। अब शपथ पत्र मांगकर दोबारा से कर लिया जा रहा है। इसका कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने शपथ पत्र न लेने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कई क्षेत्रों में अधूरे पड़े अंडर ग्राउंड डस्टबिन के कार्यों को पूरा कराने और एलईडी लाइटें लगवाने, सफाई व्यवस्था को व्यापक स्तर पर दुरुस्त करने, नालियों, सड़कों की स्थिति में सुधार करने की मांग की। नगर आयुक्त ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान डा. विजेंद्र पाल, राजेश चौधरी, सोम प्रकाश वाल्मीकि ,उदयवीर मल, मनोज कुमार, दीपा चौहान, मोहन नेगी, विवेक चौहान आदि मौजूद रहे।