ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। उत्तराखंड ने मेघालय को 237 रन से हराकर बीसीसीआई की महिला अंडर-23 वन-डे लीग में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। टूर्नामेंट में लगातार पांच मैच जीतकर 20 अंकों के साथ उत्तराखंड की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर (उड़ीसा) के विकास क्रिकेट ग्राउंड में उत्तराखंड का मुकाबला मेघालय की टीम से हुआ। टॉस जीतकर उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उत्तराखंड की टीम ने राघवी के 127 रन और ज्योति गिरी के 48 रन की मदद से निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 275 रन बनाए। जबकि नीलम ने 34, कंचन ने 23 व मेघा सैनी ने 17 रन बनाए। मेघालय की टीम के डीदत्त ने उत्तराखंड के तीन विकेट चटकाए। जवाब में उतरी मेघालय की टीम मात्र 38 रन पर ढेर हो गई और मुकाबला 237 रन से हार गई। हाल यह रहा कि टीम का कोई खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। पूरी टीम 23 ओवर पर आउट हो गई। उत्तराखंड की गेंदबाज पूजा ने छह ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए। जबकि निशा मिश्रा ने छह ओवर में छह रन देकर तीन विकेट चटकाए।
ज्योति और राघवी की शतकीय साझेदारी
उत्तराखंड टीम के 52 रन पर दो विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरीं राघवी और ज्योति गिरी ने न केवल पारी को संभाला बल्कि सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी कर एक बड़ी स्कोर की नींव रखी। हालांकि ज्योति 48 रन बनाकर डी दत्त की गेंद पर बोल्ड हो गई। जबकि राघवी 127 रन पर नाबाद पवेलियन लौटी।
टूर्नामेंट में इस जीत के साथ उत्तराखंड ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उत्तराखंड पांच मैचों में 20 अंकों के साथ अपने ग्रुप में पहले स्थान पर कायम है। इसके अलावा उत्तराखंड टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की संभावना और बढ़ गई है।