ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
एडीबी की ओर से इंदर रोड स्थित पूरन बस्ती और संजय कॉलोनी में बिछाई गई नई लाइनों में मिट्टी घुस जाने से लाइनें चोक हो गई है। जिस कारण क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी है। अफसरों से कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर स्थानीय लोगों ने इंदर रोड स्थित पानी की टंकी पर प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को इंदर रोड स्थित जल संस्थान की पानी की टंकी पर पहुंचे लोगों ने बताया कि एडीबी की ओर से डाली गई नई लाइनों का लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई जगहों पर कनेक्शन खुले छोड़ दिए गए हैं। जिनकी वजह से लाइनों में मिट्टी घुस जाने की वजह से लाइनें चोक हो गई हैं। पूरन बस्ती और संजय कॉलोनी में पिछले एक माह से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पानी के टैंकर मंगाकर काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उधर, एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर विनय मिश्रा ने टीम को मौके पर भेजकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन करने वालों में समीर उनियाल, सुखबीर, विनोद कुमार, शिब्बू थापा, विजय, कमल, बबली, नरेश शर्मा, नरेश तिवारी आदि शामिल रहे।