ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शनि देव देवा समिति की ओर से शनिवार को शिवाजी धर्मशाला में 13वां महोत्सव मनाया गया। रात नौ बजे समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर जागरण की शुरुआत की। इस दौरान भजनों के बीच रथ पर सवार शनिदेव के सुंदर दरबार की झांकी प्रस्तुत की गई। शनिदेव दरबार की झांकी को हाथियों द्वारा खींचा जा रहा था।
शिवाजी धर्मशाला में आयोजित विशाल जागरण में बाल कलाकारों ने सामाजिक व धार्मिक भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही नाटक द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया। दिल्ली से आए गायक प्रेम महरा ने शनि देव की लीला का सुंदर वर्णन व जय जय जय शनिदेव महाराज आदि भजन सुनाए। शनि देव देवा समिति के मीडिया प्रभारी मनमोहन जायसवाल ने बताया कि रविवार को आरती, भोग व भंडारे के बाद कार्यक्रम का समापन होगा। जागरण में राजकुमार गुप्ता, सनी कंसल, सतीश कश्यप, लोकेश सकलानी, अभिषेक अग्रवाल, राजेश शर्मा, अरविंद कुमार, देवांश, अमन, संजीव, संजय, शरद गर्ग, अनमोल आदि मौजूद रहे।