अमर उजाला, ब्यूरो/देहरादून।
श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति की ओर से आज राजधानी में 18वीं प्राचीन श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर गांधी पार्क, घंटाघर, पलटन बाजार, दर्शनी गेट, महाराजा अग्रसेन चौक होते हुए हरिद्वार रोड पर पहुंचेगी। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। इसको देखते हुए पुलिस ने शहर का रुट डायवर्ट प्लान जारी किया है। यात्रा के आगे बढ़ने के साथ-साथ यातायात भी डायवर्ट होता रहेगा। इसलिए अगर आज आप सुबह 10 बजे या उसके बाद घर से बाहर निकल रहे हैं, तो रूट प्लान अवश्य देख लें।
परेड ग्राउंड से यात्रा के गांधी की ओर बढ़ने पर दिलाराम से घंटाघर आने वाले वाहनों को यूकेलिप्टस चौक से सर्वे चौक की, कनक चौक से आने वाले वाहनों को पैसफि क तिराहे की ओर भेजा जाएगा। यात्रा के ओरिएंट चौक से घंटाघर पहुंचने तक ग्लोब चौक से ओरिएंट चौक की तरफ आने वाले वाहनों को कनक चौक डायवर्ट किया जाएगा। जबकि ओरिएंट चौक से घंटाघर की तरफ सड़क पूरी तरह बंद रहेगी। यात्रा घंटाघर के पास पहुंचने पर दर्शन लाल चौक से घंटाघर की तरफ यातायात बंद कर दिया जाएगा। सभी वाहन लैंसडाउन चौक की तरफ से निकलेंगे। चकराता रोड, बल्लूपुर चौक से आने वाले भारी वाहनों, सिटी बसों और विक्रमों को घंटाघर से ओरिएंट चौक की तरफ भेजा जाएगा। यात्रा पलटन बाजार में पहुंचने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
यात्रा के दर्शनी गेट से महाराजा अग्रसेन चौक की तरफ बढ़ने पर भारी वाहनों और सिटी बसों को निरजंनपुर मंडी से कमला पैलेस की तरफ भेजा जाएगा। जबकि पांच नंबर विक्रमों को मातावाला बाग से वापस भेजा जाएगा। आठ नंबर बिक्रम सहारनपुर चौक से वापस भेजे जाएंगे। निरजंनपुर मंडी से आने वाले यातायात को सहारनपुर चौक से झंडा चौक की तरफ भेजा जाएगा। यात्रा के महाराजा अग्रसेन चौक पहुंचने से पहले ही दर्शनलाल चौक से अग्रसेन चौक की तरफ आने वाले यातायात को तहसील चौक से एमकेपी चौक की तरफ और आराघर से अग्रसेन चौक की तरफ आने वाले यातायात को सीएमआई तिराहे से एमकेपी चौक की तरफ भेजा जाएगा। रेसकोर्स से भी अग्रसेन चौक की तरफ वाहन नहीं चलेंगे। यात्रा के हरिद्वार रोड की तरफ बढ़ने पर सहारनपुर रोड और गांधी रोड का यातायात सामान्य हो जाएगा। इसके बाद यात्रा की समाप्ति तक अग्रसेन चौक से हरिद्वार रोड की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।