ब्यूरो अमर उजाला, देहरादून
रोहतक, हरियाणा में खेली गई 63वीं राष्ट्रीय विद्यालयी अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने एक रजत समेत तीन पदक अपने नाम किए। वहीं, अंडर-14 ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी राज्य को एक पदक मिला है।
18 से 22 दिसंबर तक खेली गई बालक और बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने पिछले वर्ष के मुकाबले अपने प्रदर्शन में सुधार किया। बालिका वर्ग की तीन किमी क्रॉस कंट्री में 11.02 मिनट का समय निकाल प्रदेश की अंकिता ध्यानी ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंकित सिंह ने बालक वर्ग की पांच किमी वॉक रेस 20.43 मिनट में पूरी की। उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा। बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में राधा को तीसरे स्थान के साथ कांस्य मिला। बालक वर्ग की टीम के कोच भास्करानंद कुल्याल और बालिका वर्ग की कोच ममता जोशी पाठक ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतोष जताया है। टीम में मंजू कांडपाल, प्रमोद सिंह राणा और नागेंद्र कंडारी बतौर मैनेजर शामिल रहे।
--
ओम शाह को कांस्य पदक
63वीं राष्ट्रीय विद्यालयी अंडर-14 ताइक्वांडो प्रतियोगता में भी उत्तराखंड का खाता खुला है। तेलंगाना के नलगोंडा में चल रही प्रतियोगिता के पहले दिन बालक अंडर-27 किग्रा भारवर्ग में उत्तराखंड के ओम लाल शाह ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।