देहरादून और पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स कॉलेज की कक्षा छह में प्रवेश के लिए दोबारा ट्रायल होंगे। 16 व 17 अप्रैल को सभी जिलों के स्टेडियम में प्रारंभिक ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 24 मार्च को हुए प्रारंभिक ट्रायल में बहुत कम छात्रों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में छूटे खिलाड़ियों को मौका देने के लिए खेल निदेशालय ने एक बार फिर ट्रायल कराने का फैसला लिया है। खेल निदेशक प्रताप शाह ने निदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल को पत्र भेजकर दोबारा ट्रायल कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को हुए ट्रायल के दौरान ज्यादातर स्थानों पर परीक्षा और खेल महाकुंभ के चलते छात्रों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते बहुत कम छात्रों ने ही ट्रायल में हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में छात्र ट्रायल से छूट गए हैं।
ऐसे छात्रों को एक और मौका देते हुए 16 व 17 अप्रैल को सभी जिलों के स्टेडियम में प्रारंभिक ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के मानकों के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, संबंधित खेल विशेषज्ञ और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष व सचिव की तकनीकी समिति बनाई गई है।