नॉर्थ जोन तीरंदाजी में उत्तराखंड को दो स्वर्ण
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सीबीएसई की नॉर्थ जोन तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण समेत कुल तीन पदक अपने नाम किए। अंडर-17 बालिका और अंडर-14 बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज का खिताब भी जीता।
13 से 15 अक्तूबर तक गाजियाबाद के सालवान पब्लिक स्कूल में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की अनुष्का रावत ने शानदार खेल दिखाते हुए अंडर-17 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्कूल की ही सुनिधि बिजल्वाण ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग में तपस्वीर कटियार ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में आदित्य भंडारी ने पांचवां स्थान कब्जाया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में अनुष्का रावत और अंडर-14 बालक वर्ग में तपस्वीर कटियार ने सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज का खिताब भी जीता। वहीं, पदक विजेताओं के साथ ही अंडर-14 वर्ग में आदित्य पाल, पीयूष सिंह और अमन कोटियाल ने भी शानदार खेल दिखाते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।