ब्यूरो, अमर उजाला, देहरादून
एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी की एएनएम और जीएनएम दाखिलों के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में कुल 4732 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। दिनभर बारिश के बावजूद परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया। केवल 342 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। वहीं, रविवार को भी प्रदेशभर में पैरामेडिकल, बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग आदि कोर्सेज के लिए प्रवेश परीक्षा होगी।
शनिवार को प्रदेशभर में कुल नौ केंद्रों पर नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा हुई। एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि पहली पाली में कुल 1711 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1586 ने परीक्षा में हिस्सा लिया और 125 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3363 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3146 ने परीक्षा दी और 217 अनुपस्थित रहे। दिनभर बारिश के बावजूद परीक्षा केंद्रों पर छात्रों का उत्साह नजर आया।
प्रवेश परीक्षा देहरादून में उत्तरांचल पीजी कॉलेज, दून विवि, सीएनआई गर्ल्स कॉलेज, हल्द्वानी में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, एमआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, श्रीनगर में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, टिहरी में गवर्नमेंट प्रताप इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में सोबर सिंह जीना कैंपस और पिथौरागढ़ में लक्ष्मण सिंह मेहर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में हुई।