ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा दार-ए-अकरम में शनिवार को सालाना जलसे का आयोजन किया गया। जलसे में उलमा ने कुरान पाक की अहमियत पर रोशनी डाली और कुरान पर अमल करने से ही दुनिया में फैली बुराईयों के खत्म होने की बात कही। इस दौरान कुरान हिफ्ज पूरा करने वाले मदरसे के चार छात्रों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
जमीयत उलेमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैय्यद कारी उस्मान ने कहा कि आज के दौर में समाज में जो बुराईयां पनप रही हैं। उन्हें कुरान की तालीम पर अमल कर ही खत्म किया जा सकता है, क्योंकि कुरान की शिक्षा हमें बताती है कि हमें किस तरह जिंदगी गुजारनी है। कहा कि जो इंसान कुरान की तालीम पर अमल करेगा, उसे दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाबी मिलेगी। उन्होंने लोगों ने अपने बच्चों को हरगिज कुरान की तालीम दिलाने की अपील की।
अल्लामा जाहिद ने कहा कि कुरान इंसानियत का पैगात देता है। उन्होंने कुरान की अहमियत से लोगों को रूबरू कराया। साथ ही लोगों को अपने बच्चों को बेहतर तालीम दिलाने को कहा। शहर मुफ्ती सलीम कासमी, मुफ्ती मेहताब वसीम, मुफ्ती हबीब कासमी, मौलाना हाशिम, मौलाना अल्ताफ मजाहिरी, डॉ एस फारूख, मौलाना अब्दुल कादिर आदि ने भी खिताब किया। कुरान हिफ्ज पूरा करने पर मदरसे के छात्र हाफिज शहनवाज, हाफिज अब्दुल कादिर, हाफिज अबु उबैदा, हाफिज मोहम्मद मुंतसिर को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। जलसे में हाजी जाकिर, तौसीफ खान, कफील अहमद, हाफिज सुलेमान, मौलाना आमिर, मौलाना अब्दुल वाजिद, कारी शारिब, कारी आरिफ, कारी इरफान, हाफिज मोहम्मद शाहनजर, मास्टर अब्दुल सत्तार आदि मौजूद रहे।