ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) को कॉलेज का रूप दिया जा चुका है। आज से यहां फिल्म निर्देशक पुनीत मल्होत्रा, स्टूडेंट आफ द ईयर-2 की टीम के साथ लाइट, कैमरा और एक्शन करेंगे। सफल फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर की सीक्वल की शूटिंग के लिए अभिनेता टाइगर श्रॉफ, अभिनेत्री अनन्या पांडेय, तारा सुपारिया समेत पूरी टीम दून पहुंच चुकी है। रविवार को टाइगर श्रॉफ, अनन्या और तारा ने एक गाने के लिए दो घंटे तक रिहर्सल की।
सोमवार से शुरू हो रही स्टूडेंट आफ द ईयर-2 की शूटिंग के लिए एफआरआई में सेट तैयार हो चुका है। यहां आर्टिफीशियल गेट, कैंटीन, पार्क और कॉलेज के फाउंडर की प्रतिमा लगाई गई है। रविवार को लोगों ने इसके साथ खूब सेल्फी ली। कॉलेज का नाम पहली फिल्म की तरह सेंट थेरेसास ही रखा गया है। 21 अप्रैल तक फिल्म की शूटिंग यहां होगी। वहीं, फिल्म की सूचना पाकर लोग टाइगर श्रॉफ की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब रहे।
धर्मा प्रोडक्शन के तहत इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। प्रोड्यूसर करन जौहर और एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर पार्थ ढोलकिया हैं। जबकि, लोकल लाइन प्रोडक्शन का काम द इंप्रेशन ग्रुप देख रहा है। लाइन प्रोड्यूसर मयंक तिवारी ने बताया कि धर्मा प्रोडक्शन के साथ यह उनका चौथा प्रोजेक्ट है। स्टूडेंट ऑफ द ईयर में भी लोकल लाइन प्रोड्यूसर वही थे। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट आफ द ईयर-2 में देहरादून के 150 लोकल कलाकार भी दिखेंगे।
--
बेटी की डेब्यू फिल्म के लिए सपोर्ट करने पहुंची मां
देहरादून। अभिनेता चंकी पांडेय और भावना पांडेय की बेटी अनन्या पांडेय स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2 से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। लिहाजा बेटी के उत्साहवर्द्धन के लिए उनकी मां भी रविवार शाम देहरादून पहुंच गईं। उनके साथ फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी पहुंचे। अनन्या के साथ इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ नजर आएंगे। डेब्यू के चलते अनन्या के लिए यह फिल्म काफी स्पेशल है। ऐसे में उनकी मां उन्हें सपोर्ट करने के लिए आई है। वहीं, फैशन जगत की जानी-मानी हस्ती मनीष मल्होत्रा उनके फैशन का ख्याल रखेंगे। फिल्म के डायरेक्टर पुनीत मल्होत्रा के माता पिता भी देहरादून पहुंचे हैं। एफआरआई के बाद फिल्म की शूटिंग मसूरी में होगी।
--
भीड़ में घूमतीं रही अनन्या, किसी ने नहीं पहचाना
रविवार को अभिनेत्री अनन्या पांडेय एफआरआई में मजे से घूमती रहीं, लेकिन उन्हें कोई पहचान नहीं सका। अन्य लड़कियों के साथ वह भी आराम से टहलती रहीं। देर शाम को होटल के पास उन्हें एक फैन ने पहचाना और उसने अनन्या के साथ सेल्फी भी ली।