हल्के पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बीच राजधानी में गर्मी का असर दिखने लगा है। पांच दिन में दून का पारा 11 डिग्री तक उछल गया। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को तापमान करीब दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार दोपहर बाद बादल छाने के आसार जताए हैं।
प्रदेश का मौसम अब गर्मी की ओर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से ऊंचाई वाले इलाकों में बेहद हल्की बारिश या बर्फबारी के साथ ही राजधानी दून में दोपहर बाद आंशिक बादल आ सकते हैं लेकिन बीते पांच दिनों का पारे का रिकॉर्ड गर्मी की दस्तक बयां कर रहा है।
शुक्रवार को 30.9 डिग्री हुआ रिकॉर्ड
मौसम विभाग के मुताबिक सात अप्रैल से 11 अप्रैल तक पारे में 11 डिग्री तक का उछाल आ गया है। सात अप्रैल को अधिकतम पारा 21.6 डिग्री था जो कि 11 अप्रैल को 32.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को पारा 30.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा के मुताबिक प्रदेश में रविवार को उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ के कुछ हिस्सों में बेहद हल्की बारिश/बर्फ पड़ने की संभावना है जबकि राजधानी दून में रविवार को आंशिक बादल और दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश वाले बादल आने की संभावना है।
पारे पर एक नजर
7 अप्रैल : 21.6
8 अप्रैल : 28.8
9 अप्रैल : 29.5
10 अप्रैल : 30.9
11 अप्रैल : 32.5