ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
एमडीडीए आईएसबीटी कालोनी की समस्याओं को लेकर रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एमडीडीए उपाध्यक्ष डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव से मिला। पदाधिकारियों ने कालोनी में लिफ्ट खराब एवं ट्रांसफार्मर फुंकने समेत कई समस्याएं गिनाईं। उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि 10 दिन के भीतर लिफ्ट सही करवा दी जाएंगी। जल्द ही एसोसिएशन चुनाव कराए जाएंगे।
आईएसबीटी कालोनी में एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के 560 फ्लैट हैं। करीब 250 फ्लैट में परिवार रहते हैं। कालोनी में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन बनी है, लेकिन चुनाव नहीं हो सके हैं। कालोनी में एमआईजी में आज तक लिफ्ट शुरू नहीं हो सकी है। एक ट्रांसफार्मर फुंका है। वैकल्पिक व्यवस्था कर दूसरे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ा गया है, जिससे लो वोल्टेज की समस्या खड़ी हो गई है। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद से स्ट्रीट लाइटें नहीं जली हैं।
एसोसिएशन सदस्य सुनीता पाठक ने बताया कि अग्निशमन उपकरण खराब पड़े हैं। निर्माण एजेंसी उत्तरप्रदेश निर्माण निगम ने अभी तक अपना स्टोर नहीं हटाया है, जिससे कालोनी में गंदगी फैल रही है। देवी प्रसाद पुरोहित ने कहा कि चकराता रोड विस्थापित मिनी एमआईजी और एलआईजी फ्लैट के बीच खाली भूमि को लोगों ने कूड़ा घर बना दिया है। जिससे आसपास दुर्गंध उठती है। देवी प्रसाद पुरोहित ने कहा कि समस्याओं को लेकर कई बार प्राधिकरण से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उपाध्यक्ष डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि 10 दिन के भीतर लिफ्ट सही करा दी जाएंगी। बाकी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। कहा कि जल्द ही एसोसिएशन के चुनाव कराए जाएंगे।
...................................
कालोनी में खुले हैं कार्यालय
एसोसिएशन सदस्य गोविंद बहुगुणा ने कहा कि नियमानुसार कालोनी परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं हो सकती हैं। लेकिन किराये के फ्लैट लेकर जलनिगम, यूपी निर्माण निगम और मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्यालय खुले हैं। प्राधिकरण ने भी गेस्ट हाउस बनाया है। इससे कालोनी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
...........................