ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
आर्यन छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने सोमवार को ऊर्जा भवन में प्रदर्शन किया। संगठन प्रदेश अध्यक्ष नरेश राणा ने पिटकुल, यूजेविएनएल और यूपीसीएल में जेई की भर्तियों में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भर्तियों की स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एवं महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के पदाधिकारी उत्तराखंड पावर कारपोरेशन मुख्यालय ऊर्जा भवन पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भर्तियों में धांधली होने का आरोप लगाया। अध्यक्ष राणा ने कहा कि यूपीसीएल में जेई भर्ती परीक्षा में एक ही कोचिंग सेंटर के 66 छात्रों का चयन हुआ है। चार बार के फेल छात्र के टॉपर आने से भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से बेरोजगारों के साथ छल हुआ है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह ने कहा कि ऊर्जा के तीनों निगमों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रबंधन की मिलीभगत से ही धांधली हुई है। महासचिव सतीश मोहन पंत ने कहा कि तीनों निगमों में पिछले पांच सालों में हुई भर्तियों की निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जाए। प्रदर्शन के बाद संगठन पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष सोनू बिष्ट, आकाश गौड़, सोहन सिंह, आदित्य बिष्ट, सूरवीर सिंह चौहान, आकाश रावत और विपिन बिष्ट समेत कई लोग मौजूद थे।