ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार आयोजित खेलो इंडिया अंडर-17 नेशनल स्कूल गेम्स में उत्तराखंड के अनु कुमार ने शुक्रवार को दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। इससे पहले प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर भी अनु कुमार ने 1500 मीटर दौड़ का स्वर्ण अपने नाम किया था। वहीं, उत्तराखंड के सिद्धार्थ ने तीन हजार मीटर दौड़ में कांस्य जीता।
दिल्ली में चल रही खेलो इंडिया प्रतियोगिता में शुक्रवार को 800 मीटर दौड़ में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के 11वीं कक्षा के छात्र अनु कुमार ने देशभर के धावकों को पछाड़ते हुए गोल्ड जीता। अनु ने 800 मीटर दौड़ पूरी करने में 1.52.08 मिनट का समय लिया। इससे पहले 31 जनवरी को अनु ने 1500 मीटर दौड़ में 4.40 मिनट के साथ स्वर्ण जीता था। वहीं, अनु पिछले नेशनल स्कूल गेम्स की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण और फ्रांस में आयोजित वर्ल्ड स्कूल गेम्स में रजत हासिल कर चुके हैं।
इसके अलावा शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के ही नौवीं कक्षा के छात्र सिद्धार्थ ने तीन हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया। खेलमंत्री अरविंद पांडेय, सचिव भूपिंदर कौर औलख, निदेशक खेल विम्मी सचदेवा, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममर्गाइं, कोच लोकेश कुमार ने अनु और सिद्धार्थ (दोनों हरिद्वार निवासी) की उपलब्धि पर खुशी जताई।