ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अगर आपको पहाड़ों पर बर्फ के नजारों का लुत्फ उठाना है तो उत्तराखंड की खूबसूरत बर्फीली वादियां आपका इंतजार कर रही हैं। ताजा हिमपात के बाद पहाड़ के पर्यटन स्थलों ने सफेद बर्फ की चादर ओढ़ ली है। अगर आप भी बर्फ का आनंद लेना चाहते हैं तो पहाड़ आ सकते हैं। वहीं, मौसम विभाग ने वर्ष के आखिरी महीने में अभी और बर्फबारी का अनुमान जताया है।
उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। देश-विदेश से पर्यटक यहां आ रहे हैं। खासतौर से उत्तराखंड के पर्यटन स्थल चकराता, औली, रुद्रप्रयाग के चोपता, दुगलबिट्टा और हरियाली डांडा में पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ ले रहे हैं। इसके अलावा धार्मिक स्थल केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री, हेमकुंड साहिब और रुद्रनाथ में भी दो से तीन फीट बर्फबारी हो चुकी है। मौसम विभाग ने अभी पहाड़ में और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है।
ऐसे में आप भी उत्तराखंड में आकर बर्फ का आनंद उठा सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ का मौसम अभी बर्फबारी के लिहाज से बेहतर है, लेकिन कुछ एहतियात बरतने की भी जरूरत है। खासतौर से गर्म इलाकों के लोग अगर पहाड़ घूमने आएं तो अपने साथ सर्दियों से बचाव का इंतजाम जरूर करके लाएं।
--
घूमने का है प्लान तो फुरसत का रखें ध्यान
पहाड़ पर बर्फबारी देखने का प्लान बना रहे हैं तो फुरसत का ख्याल जरूर रखें। दरअसल, बर्फबारी के लिए कई जगहों पर कई दिन इंतजार करना पड़ सकता है तो कई बार कुछ रास्ते बंद भी हो जाते हैं। रास्तों को खुलने में थोड़ा वक्त लग सकता है। लिहाजा अगर आप बर्फबारी देखना चाहते हैं तो ऐसी परिस्थिति से निपटने की भी तैयारी जरूर रखें।
--
नए साल के पहले दिन खिलेगी धूप
उत्तराखंड में अभी तक के पूर्वानुमान के मुताबिक, साल के आखिरी दिन (31 दिसंबर) को बादल छाए रहेंगे। पहाड़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। लेकिन नए साल के पहले दिन मौसम खुला रहेगा। अनुमान के मुताबिक, एक जनवरी को कहीं भी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं है। हालांकि, चार जनवरी से दोबारा बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।