दो दिन में दो बेडरूम का मकान तैयार, सुनकर अचंभा लगता है ना, लेकिन इसे कर दिखाया मोहाली (चंडीगढ़) की एक भवन निर्माता कंपनी ने। कंपनी ने डोईवाला के मारखमग्रांट ग्राम पंचायत के माधोवाला गांव में इस काम को अंजाम दिया
है।
पढ़े, उत्तराखंड की खबरों की विशेष कवरेज
घर निर्माण में लगने वाले वक्त को सीमित करने के लिए आधुनिक इंस्टा होम तकनीक ने भवन निर्माण के क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है। इसी तकनीक की मदद से डोईवाला के मारखमग्रांट ग्राम पंचायत के माधोवाला गांव में सीमा सुरक्षा बल के लिए राज्य का ऐसा पहला मकान तैयार किया है, जिसका निर्माण महज दो दिन में पूरा किया गया।
इस पद्धति से निर्मित होने वाले भवनों के इंसुलेटेड होने यानी गर्मियों में ठंडे और सर्दियों में गरम रहने का दावा किया गया है। इस तकनीक को विकसित करने वालों का दावा है की तकनीक विशुद्ध भारतीय है और विश्व में सबसे तेज गति से भवन, आफिस निर्माण कर लेने की क्षमता है। सिस्मिक जोन पांच तक के भूकंप सहने की क्षमता है।
क्या है भवन बनाने की तकनीक
घर बनाने में ईपीएस (एक्सपलैन्डिड पॉलिस स्ट्राइकर) पद्धति को अपनाया गया है, जिसमें घर बनाने के लिए 70 प्रतिशत सामान को फैक्ट्री में ही तैयार कर लिया जाता है। शेष 30 फीसदी को घर बनाते समय निर्माण करते हैं। निर्माण के दौरान सीमेंट और रेत-बजरी भी कुछ सीमित मात्रा में चाहिए होता है जबकि ईंटों की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं पड़ती है।
दो बेडरूम के एक मकान में 10-15 लाख तक का खर्च आता है। निर्माण करने वाली संस्था का दावा है कि मोहाली में 48 घंटों में भवन बना लेने के बाद इसको लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में जगह मिल गई है। सीमा सुरक्षा बल के लिए तैयार किए जा रहे घरों के लिए इसे ट्रायल के तौर पर तैयार करके देखा जा रहा है।
अगर राज्य में इसे कामयाबी मिली तो जल्द शैक्षिक संस्थाएं, होटल, व्यावसायिक भवनों का निर्माण इस तकनीक से होता नजर आएगा। सात से आठ कुशल श्रमिक भवन कुछ घंटों में ही तैयार कर सकते हैं।
लोगों के बीच जगह बना रही तकनीक
इंस्टा होम तकनीक से आम लोगों का घर बनाना आसान हो जाएगा। सीएसआईआर चेन्नई से मान्यता प्राप्त पद्धति तेजी से लोगों के बीच में जगह बना रही है। सोनीपत में एक लाख वर्ग फुट की यूनिवर्सिटी को 90 दिनों में तैयार किया है। उत्तराखंड में आवास और वाणिज्यिक भवनों में इस पद्धति से लाभ मिल सकता है। दावा है कि इस तकनीक से छह माह में 10 हजार और साल भर में एक लाख घर बना सकते हैं।
- यशजीत गुप्ता, चीफ आपरेटिंग आफिसर, सिनर्जी थ्रीसलिंगटन, मोहाली चंडीगढ़
(इंस्टा होम तकनीक से घर बनाने वाली कंपनी)