ऋषिकेश। राजकीय स्वायत्तशासी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी गौरव कुमार राणा ने 1182 मत पाकर जीत दर्ज की है। उन्होंने एनएसयूआई के विवेक बलूनी को 95 मतों से हराया। सचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक रैवानी विजयी रहे, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभाविप के रजनीश उनियाल को 266 वोटों के अंतर से पराजित किया। रैवानी को कुल 1267 मत पड़े।
शनिवार को देरशाम मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एमपी नगवाल ने विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी संदीप गुलाटी का मुकाबला एनएसयूआई के कृष्णा पांडेय से हुआ। जिसमें संदीप ने 1449 मत प्राप्त कर जीत दर्ज कराई, उन्होंने एनएसयूआई के अधिकृत प्रत्याशी कृष्णा पांडेय को 647 मतों से पराजित किया। कृष्णा को कुल 802 मत मिले।
सचिव पद पर अभाविप और एनएसयूआई के बीच सीधा मुकाबला हुआ। जिसमें एनएसयूआई के मयंक रैवानी ने अभाविप के रजनीश उनियाल को 266 मतों से परास्त किया। दोनों प्रत्याशियों को क्रमश: 1267 और 1001 मत प्राप्त हुए। सहसचिव पद पर एनएसयूआई के नवीन कुमार सिंह ने 814 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी अमित फरस्वाण को 75 वोटों से हराया। अमित को 739 मत, जबकि हर्षित सनाढ्य को 683 वोटों से संतोष करना पड़ा।
कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दामिनी बिष्ट विजयी रही। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार विनीता को 312 मतों से पराजित किया। दामिनी को कुल 1286, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी विनीता को 974 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर चार उम्मीदवारों के बीच घमासान रहा। जिसमें अभाविप के प्राज्ञ रावत 771 मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किए गए। इस पद पर एनएसयूआई की प्रिया सिंह को छह सौ, निर्दलीय रोहित थापा को 428 और विजय जुगरान को 451 मत प्राप्त हुए।
इसी प्रकार छह सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 21 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें अक्षय कुमार को सर्वाधिक 957 मत, अभिषेक गौड को 883 मत, अंकित राणा को 786 मत, पूजा चौहान 770 मत, अनामिका वर्मा को 704 और रोहित सिंह राणा को 700 मत प्राप्त हुए।
72.6 फीसदी हुआ मतदान
ऋषिकेश। पीजी आटोनामस कालेज छात्रसंघ चुनाव में कुल 72.6 फीसदी पोलिंग हुई, जिसमें 2284 छात्र-छात्रा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कालेज में कुल छात्र संख्या 3140 है, जिसमें 2249 छात्राएं और 991 छात्र हैं।
शनिवार सुबह निर्धारित समय पर आठ बजे मतदान शुरू हुआ। इस दौरान शुरुआत दो घंटों में काफी कम पोलिंग हुई। पहले एक घंटे में कुल पोलिंग सात फीसदी रही। जबकि नौ से दस बजे के बीच कुल पोलिंग 15 प्रतिशत तक पहुंच पाई। इसके बाद मतदान में तेजी आई और तीसरे घंटे में सर्वाधिक कुल पोलिंग 40 फीसदी, 11 से 12 बजे में 62 प्रतिशत और आखिरी घंटे 12 से एक बजे कुल मतदान प्रतिशत 72.6 रहा।
देरशाम शहर की सड़कों पर निकले विजयी जुलूस
ऋषिकेश। छात्रसंघ चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सड़कों पर विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। एनएसयूआई और अभाविप सहित निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थकों ने आतिशबाजी और ढोल नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।
शनिवार देरशाम तीर्थनगरी की सड़कों पर छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनके समर्थकों का बोलबाला रहा। छात्रसंघ अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के विजेता प्रत्याशियों के विजय जुलूस निकाले गए। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया। जुलूस कॉलेज परिसर से हरिद्वार मार्ग होते हुए मुख्य बाजार पहुंचे। यहां समर्थक आतिशबाजी के साथ खुशी मनाते दिखे। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था खासी बाधित रही। तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी तरह व्यवस्थाएं बनाकर यातायात सुचारु रखा।
परिणाम के बाद हुआ विजेताओं का शपथग्रहण
कॉलेज में देरशाम चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण हो गया। मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एमपी नगवाल ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। मौके पर प्राचार्य डा. पीएस मखलोगा, डा. एसके डबराल, डा. बीपी अग्रवाल, डा. हितेश जोशी, डा. बीपी श्रीवास्तव, डा. अंजना श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
समारोह से अध्यक्ष नदारद, बाद में ली शपथ
शपथग्रहण समारोह के समय नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौरव कुमार राणा नदारद रहे। विलंब होने पर चुनाव अधिकारी ने अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, हालांकि कुछ देर बाद अध्यक्ष राणा मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चुनाव अधिकारी डा. नगवाल ने उन्हें अकेले शपथ दिलाई।