देहरादून। अगर आप हर रोज कार से आफिस, बाजार जाते हों तो आज घर से निकलते ही सीट बेल्ट लगाना न भूलें। ऐसा न किया तो अगले चौक पर पुलिस चालान कर सकती है। जी हां, राजधानी की सड़कों पर हादसों में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने कार में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया है। एसएसपी केवल खुराना ने इस संबंध में सभी थानों और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश जारी किया है।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कार, ट्रक आदि वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने पर जागरूक करने के लिए पुलिस लंबे समय से अभियान चला रही है। बताया कि 3000 सीडी भी लोगों को वितरित की गई हैं। अब एसएसपी ने सीट बेल्ट न पहनने वालों पर अभियान चलाने का निर्देश दिया है। बताया कि संबंधित क्षेत्र के सीओ बेल्ट न लगाने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
एसपी ने बताया कि इससे पूर्व एक सप्ताह तक चले अभियान में परिवहन नियमों के उल्लंघन, वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने, ट्रिपल राइडिंग आदि पर 756 लोगों का चालान किया गया है।
सीट बेल्ट के फायदे
-बेल्ट लगाने से कार पर नियंत्रण आसान रहता है
-कार चलाते वक्त झटका लगने या मोड़ों पर भी चालक व्यवस्थित बैठा रहता है
-दुर्घटना होने पर सीट से चिपके रहने से सुरक्षित बचने की संभावना ज्यादा रहती है
(कार एक्सपर्ट अंशुमन सिंह के मुताबिक)