देहरादून। हिंदी फिल्म ‘माचिस’ में दमदार अभिनय दिखाकर बॉलीवुड में धाक जमाने वाले अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह अब पंजाबी फिल्मों में जलवा बिखेरेंगे। अपने दोस्त से मिलने दून पहुंचे सिंह ने अमर उजाला से बातचीत में भावी योजनाओं की जानकारी दी।
काली टी शर्ट-नीली जींस पहने, लंबे बाल और चेहरे पर गंभीरता लिए चंद्रचूड़ सिंह बृहस्पतिवार रात सवा नौ बजे अपने दोस्त शकील अहमद के माजरा स्थित घर पहुंचे। दाग द फायर, तेरे मेरे सपने, जोश, जिला गाजियाबाद जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके चंद्रचूड़ ने बताया कि अक्तूबर में उनकी पहली पंजाबी फिल्म ‘जस्ट यू एंड मी’ रिलीज होने को तैयार है। इसमें वह हीरोइन के बड़े भाई का किरदार निभा रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि यह रोमांटिक कॉमेडी मूवी है। इसके अलावा पंजाबी में ही बन रही रींजा सिंह में उनका दमदार किरदार है। बताया कि इस फिल्म में शेरों को बचाने का संदेश दिया गया है। फिल्म की शूटिंग होनी अभी शेष है। बॉलीवुड में बन रही विषय आधारित फिल्मों के बारे में उन्होंने कहा कि यह अच्छी पहल है। वह भी ऐसी फिल्मों में अभिनय करना पसंद करते हैं।