देहरादून। केदारघाटी की आपदा के बाद दिखाई गई राज्य मौसम केंद्र की चुस्ती एक बार फिर गायब हो गई है। राज्य मौसम केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तो कहीं 40-60 मिलीमीटर बारिश की संभावना जताई है, लेकिन यह इलाके कौन से होंगे यह उसे पता नहीं। कई इलाकाें में अच्छी बारिश की संभावना जताने के बावजूद किसी तरह की चेतावनी या अलर्ट विभाग ने जारी नहीं किया है।
वहीं, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की भविष्यवाणी इसके ठीक विपरीत है। इसकी मानें तो मंगलवार को प्रदेश में भारी बारिश का कोई संकेत नहीं। उसने 18 जुलाई से बारिश में बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है। आईएमडी हर रोज अपने पूर्वानुमान के आधार पर वेबसाइट को अपडेट करता है। वह जोन के आधार पर मौसम की जानकारी मुहैया कराता है। संबंधित जानकारी उसने उत्तराखंड के संदर्भ में दी है।
दून में 0.6 मिलीमीटर बारिश
दून में सोमवार को लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे। बादल बरसे, लेकिन बेहद कम। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 0.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 96, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 26 रहा। मंगलवार को दून में बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं।