देहरादून। रमजान के पाक महीने की शुरुआत से पहले ही दून के बाजारों में भी रौनक शुरू हो गई है। गांधी रोड स्थित इनामुल्ला बिल्डिंग में सेवइयों की दुकानें सजने लगी हैं तो ईरान, दुबई की खजूर भी बाजार में पहुंच चुकी है। तुर्की, बांग्लादेश से विशेष टोपियां रमजान के पाक महीने के लिए मंगाई गई है। बाजार में रमजान की तैयारियों पर अमर उजाला ने डाली नजर:
सेवइयां, शीरमाल हैं खास
रमजान के लिए बाजार में सेवइयां, शीरमाल की दुकानें सजी हुई हैं। इनामुल्ला बिल्डिंग में सात छोटी-बड़ी दुकानें खुल गई हैं। जहां सेवइयां, शीरमाल, फेनी, खजला सजा हुआ है। सेवईं विक्रेता बरकत अली ने बताया कि रमजान से पहले ही लोगों का अच्छा रुझान दिखाई दे रहा है। हर रोज लगभग दो क्विंटल सेवईं बिक रही है। उन्होंने बताया कि रमजान में शीरमाल (मीठी रोटी) की भी खास बिक्री होती है।
तुर्की की टोपी और दुबई का इत्र
पाक महीने में नए-नए डिजाइन की टोपियां बाजार में हैं। सबसे खास है तुर्की के कारीगरों की बनाई लकड़ी की टोपी। इसके साथ ही साफा, जा नमाज (आसन) भी मौजूद हैं। दुकान संचालक वाजिद खान ने बताया कि तुर्की, बांग्लादेश, सऊदी अरब से विशेष टोपियां और अन्य कपड़े मंगाए गए हैं, जिनकी काफी डिमांड है। दुबई से मंगाया इत्र भी खूब पसंद किया जा रहा है।
मदीने के खजूर से खुलेगा रोजा
पाक महीने में रोजा खोलने के लिए मदीने की विशेष खजूर भी मंगाई गई है। बिना बीज वाले मरियम खजूर की भी काफी डिमांड है। खजूर विक्रेता अब्दुल कादिर ने बताया कि बाजार में 70 से 800 रुपये प्रति किलो कीमत वाला खजूर मौजूद है। जिसे ईरान, दुबई आदि देशों से मंगाया गया है।
कीमत पर नजर (रुपये प्रति किलो में)
सेवईं- 100
खजला- 100
फेनी- 90-100
शीरमाल- 20 रुपये प्रति पीस
खजूर
मदीने की खजूर- 400
मरियम खजूर- 600
मैजेस्टिक- 250
कीमिया- 200
कपड़े (रुपये प्रति पीस में)
टोपी- 10 -100
तुर्की टोपी-80-100
साफा- 70-250
जा नमाज- 70-450
इत्र- 30-100 रुपये प्रति शीशी