बंद कमरे में तीन दोस्त एक-दूसरे को तमंचा दिखा रहे थे। इस बीच अचानक गोली चलने से एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे दून अस्पताल से सीएमआई रेफर कर दिया गया।
काफी देर तक युवक पुलिस को गोली न चलने की बात कहते रहे, लेकिन पूछताछ में सब साफ हो गया। उनके पास से 315 और 12 बोर के दो तमंचे बरामद हुए। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पढ़े, उत्तराखंड आपदा की खबरों की विशेष कवरेज
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र की अंबेडकर नगर में पूर्ण सिंह के मकान में यूपी के बिजनौर जिले के नजीबाबाद निवासी नदीम किराये पर रहता है। वह दून में एलजी शोरूम में तकनीकी सुपरवाइजर है। डेढ़ माह पहले नजीबाबाद निवासी उसके दोस्त दिलशाद (20) और फैजान (19) भी यहां रहने आ गए। दोनों यहां हेयर कटिंग की दुकान चलाते हैं। मंगलवार को दुकान बंद थी, ऐसे में वे कमरे में ही थे।
तेज धमाके की आवाज हुई
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कक्षा दस का छात्र बिट्टू भी वहां आ गया। उस वक्त नदीम कमरे पर नहीं था। कुछ देर तीनों कमरे में रहे। इस बीच तेज धमाके की आवाज हुई, जिसके बाद तीनों कमरा बंद कर तेजी से कहीं निकल गए। आवाज सुन पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ नहीं मिला। इस बीच दून अस्पताल में एक युवक को गोली लगने पर लाए जाने की सूचना मिली।
सूचना पर इंस्पेक्टर डालनवाला चंदन सिंह बिष्ट दून अस्पताल पहुंचे। वहां फैजान घायल अवस्था में मिला। उसकी छाती पर गहरा घाव था। पुलिस ने पूछताछ की तो बिट्टू ने गोली चलने से इनकार किया, इमरजेंसी में तैनात डाक्टर ने भी प्रथमदृष्ट्या घाव गोली से न होने की बात कही। इसे लेकर पुलिस असमंजस में आ गई। कुछ देर बाद फैजान को सीएमआई रेफर कर दिया गया।
फैजान हो गया जख्मी
इस बीच पुलिस ने दिलशाद को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि फैजान के पास दो तमंचे थे। मंगलवार को वे दोनों एक-दूसरे को तमंचा दिखा रहे थे। बिट्टू भी वहां था। इस बीच अचानक गोली चलने से फैजान जख्मी हो गया। इंस्पेक्टर चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच की जा रही है कि इन तमंचों का प्रयोग पहले कभी अपराधों में तो नहीं हुआ। नदीम से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शाम को बिट्टू को भी हिरासत में ले लिया।