देहरादून। राजधानी में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े साइकिल मिस्त्री का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पित्थूवाला के जंगल में गोलियां की आवाज और तड़पते मिस्त्री की चीख-पुकार सुनकर लकड़ी बीनने गईं महिलाएं उसके पास पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपहरण और हत्या की वारदात के बाद पुलिस मामले को आपसी रंजिश बताकर पल्ला झाड़ रही है।
घटनाक्रम के अनुसार बुधवार की सुबह गांधी ग्राम निवासी सलीम अंसारी (40) पुत्र कादर अंसारी अपनी गांधीग्राम स्थित साइकिल की दुकान पर जा रहा था। तभी बीच रास्ते से बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद पित्थूवाला के जंगल में ले जाकर उसे गोली मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार और गोलियों की आवाज सुनकर लकड़ी बीनने गई महिलाएं मौके पर पहुंची, जहां सलीम खून से लथपथ होकर तड़प रहा था। महिलाओं ने पटेलनगर पुलिस को इसकी जानकारी दी। इससे पहले की पुलिस मौके पर पहुंचती, जख्मी सलीम ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार सलीम को पास से दो गोलियां मारी गईं हैं। वारदात के संबंध में सीओ स्वतंत्र कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही हत्या करने वालों को दबोच लिया जाएगा। दूसरी ओर दिनदहाड़े अपहरण और हत्या के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सलीम के दुकान पर नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने पर उन्हें लगा कि शायद वह किसी से मिलने गया होगा, लेकिन बाद में हकीकत की जानकारी हुई। उन्होंने किसी से रंजिश की बात से इंकार किया।