उत्तराखंड तकनीकी विवि ने नए सत्र की बीटेक काउंसिलिंग के लिए सीटों का विवरण जारी कर दिया है। इस बार प्रदेश के 35 तकनीकी शिक्षा संस्थानों की 13201 सीटों के लिए काउंसलिंग होगी। प्रदेश के छात्रों के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं। बाकी सीटों में सामान्य श्रेणी के छात्रों को 63 प्रतिशत, ओबीसी को 14 प्रतिशत, एससी को 19 प्रतिशत और एसटी को चार प्रतिशत सीटें दी जाएंगी।
विवि ने सीटों का ब्यौरा कॉलेजवार जारी किया है। कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि विवरण में कोई खामी होने पर वह तुरंत विवि को सूचित करें। विवि कुलसचिव अवनीश जैन ने बताया कि एनआईसी से निर्देश मिलते ही काउंसलिंग तिथि घोषित कर दी जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए देखें
www.uktech.ac.in
फेल छात्रों को एक और मौका
तकनीकी विवि ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के वर्ष 2006-10, 2007-11, 2008-12 के साथ ही पासआउट होने वाले वर्तमान बैच 2009-13 के परीक्षाफल घोषित होने के पश्चात पासआउट बैच के अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए ऑन डिमांड विशेष परीक्षाएं कराने का ऐलान किया है। इसके लिए विवि ने सभी संबद्ध कॉलेजों से ऐसे छात्रों का ब्यौरा मांगा है। विवि के उपकुलसचिव डा. आशीष उनियाल ने बताया कि विवि ऐसे छात्रों की परीक्षा जुलाई माह में कराएगा। यह परीक्षा वर्तमान में संचालित नवीनतम पाठ्यक्रम के मुताबिक होगी।