देहरादून। संडे को परिजनों के साथ घूमने और शापिंग करने का अच्छा मौका है। परेड ग्राउंड में शनिवार से विधिवत रूप से शुरू हुए उत्तरांचल ट्रेड महोत्सव में तीन सौ से ज्यादा स्टाल लगाए गए हैं। इन पर कपड़ों, किताबों से लेकर गहने तक मौजूद हैं। खरीदार अपनी पसंद के लिहाज से खरीदारी का लुत्फ उठा सकते हैं। शनिवार को भी खरीदार मेले में पहुंचे।
इसके अलावा खाने-पीने के शौकीनों के लिए उत्तराखंड के साथ ही राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि राज्यों के पकवानों लुत्फ लेने का मौका है। इसमें स्थापित ब्रांड्स के साथ ही हस्त शिल्प के तीन सौ से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। इनमें वाहन कंपनियों, बैंकों, घरेलू उपकरणों के साथ ही क्राकरी, चूरन सुपारी, फर्नीचर, कारपेट, जूट बैग, गोल्ड ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक कांटे, पानीपत हैंडलूम, कश्मीरी हैंडलूम, वास्तु शास्त्र, चाय, खिलौने, किताबें, बच्चों के लिए संगीतमय हिंदी और अंग्रेजी की वीसीडी, हेल्थ केयर प्राडक्ट्स आदि के स्टाल शामिल हैं। विभिन्न बैंकों की ओर से लोन की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टालों पर भी ग्राहक खिंच रहे हैं।