देहरादून। उत्तराखंडी बाला उर्वशी रौतेला बालीवुड में इस बार धमाके की तैयारी में है। ईद पर ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के साथ रिलीज होने वाली ‘सिंह साहब द ग्रेट’ में वह प्रख्यात अभिनेता सनी देओल संग लीड रोल में नजर आएंगी। फि ल्म केनिर्देशक ‘गदर-एक प्रेमकथा’ फेम अनिल शर्मा हैं। उर्वशी अपनी इस फिल्म से भी ‘गदर’ जैसी ही सफलता दोहराने की उम्मीद लगाए हुए है।
फिलहाल इस फिल्म की शूटिंग भोपाल, पंचगनी आदि स्थानों पर चल रही है। ‘अमर उजाला’ से फोन पर बात-चीत में उर्वशी और उसकी चचेरी बहन ऋताक्षी बेहद उत्साहित दिखीं। उन्होंने इसे एक बड़ा ब्रेक करार दिया। बताया कि अनिल शर्मा के साथ उसका तीन फिल्मों का करार हुआ है। सनी संग उर्वशी की आने वाली फिल्म में प्रकाश राज का भी नाम जुड़ा है। दक्षिण भारत के इस अभिनेता ने ‘दबंग’, ‘सिंहम’ जैसी सुपर हिट फिल्मों में खलनायक के रोल में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा है। गौरतलब है कि मूल रूप से कोटद्वार की रहने वाली 19 वर्षीया उर्वशी यूनिवर्सल टीन पेजेंट में 2011 में थर्ड रनर अप रही हैं। कई विज्ञापनों के माध्यम से वह पहले ही ग्लैमर इंडस्ट्री में अपने कदम जमा चुकी है।