देहरादून। राजधानी की एक युवती ने जिस युवक पर विश्वास कर प्यार किया, वह तो धोखेबाज था ही उसका नाम भी फर्जी निकला। आशिक की असलियत खुली तो युवती ने उससे दूरी बना ली। लेकिन दगाबाज माना नहीं, उल्टा युवती को ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने कश्मीर के रहने वाले आरोपी को दबोच लिया है। युवती ने उस पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप लगाया है।
प्रेमनगर क्षेत्र की एक कंपनी में काम करने वाली एक युवती की दोस्ती एक साल पूर्व एक युवक से हो गई। उसने खुद को मेडिकल स्टूडेंट और नाम देव शर्मा बताया था। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी तो युवती उसे दिल दे बैठी। करीब दो माह पहले युवती को पता चला कि युवक का नाम देव शर्मा नहीं है और वह कश्मीर का रहने वाला है। धोखा खाकर युवती ने युवक से किनारा कर लिया। आरोप है कि कुछ दिन पहले युवक जबरन युवती के कमरे में घुस गया और उससे मारपीट कर डाली। अब वह बदनाम करने की धमकी देकर युवती से रुपयों की मांग कर रहा है। युवती ने स्थानीय पार्षद सचिन गुप्ता को मामले की जानकारी दी। गुप्ता उसे लेकर बिंदाल चौकी पहुंचे। पुलिस ने युवती से फोन कराकर आरोपी को बिंदाल पुल पर बुला लिया। इसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।